एक्सप्रेस वे पर एक्सीडेंट, बिजनेसमैन परिवार के 6 लोग घायल, 11 साल के बच्चे ने कहा- पापा सड़क पर तड़पते रहे

12

एक्सप्रेस वे पर एक्सीडेंट, बिजनेसमैन परिवार के 6 लोग घायल, 11 साल के बच्चे ने कहा- पापा सड़क पर तड़पते रहे

दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेस वे पर मंगलवार तड़के करीब साढ़े 4 बजे एक कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। जिससे कार में सवार बिजनेसमैन परिवार के 6 लोग घायल हो गए। सभी को अलवर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिकअप को बचाने के चक्कर में यह हादसा हुआ। बड़ौदामेव थाना प्रभारी मोहन गुर्जर ने बताया कि एक्सीडेंट तड़के साढ़े चार से 5 बजे के बीच में हुआ है। जयपुर के दादी का फाटक निवासी बिजनेसमैन पुनीत अग्रवाल (42) अपनी मां अल्का अग्रवाल (66), पत्नी बबीता अग्रवाल (38) और पुत्र सौम्य (9) और लक्ष्य (11) के साथ हरिद्वार घूमने गए थे।

बिजनेसमैन परिवार मंगलवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे हरिद्वार से जयपुर लौट रहा था। एक्सप्रेस-वे पर अचानक एक पिकअप उनकी अर्टिगा कार के सामने आ गई। उसे बचाने के प्रयास में कार आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। हो सकता है पिकअप ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई हो। कार चला रहे जयपुर निवासी अमित चौधरी ने कार का संतुलन बनाने की कोशिश की, लेकिन कार आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लेकिन टक्कर के बार पिकअप व ट्रक वाले फरार हो गए।