मैदान में खेलते समय 8 साल के मासूम छात्र पर गिरा हैंडबॉल का पोल, सिर में गंभीर चोट लगने से मौत

मैदान में खेलते समय 8 साल के मासूम छात्र पर गिरा हैंडबॉल का पोल, सिर में गंभीर चोट लगने से मौत
उदयपुर। शहर के गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र स्थित सेंट एंथोनी स्कूल में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। मैदान में खेल रहे 8 साल के छात्र पर हैंडबॉल का पोल गिर गया। उसकी मौत हो गई। स्कूल प्रशासन के अनुसार बच्चा पोल पर लटक रहा था। तभी यह घटना हुई। छात्र ने एमबी हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। दूसरी तरफ परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
थानाधिकारी राजेंद्र सिंह चारण ने बताया कि सवीना के आरके पुरम निवासी महर्थ सिंह चौहान (8) बलीचा बायपास स्थित सेंट एंथोनी स्कूल में तीसरी कक्षा के छात्र थे। सोमवार दोपहर 12:30 वह मैदान में खेल रहे थे। वह हैंडबॉल के पोल पर लटक रहे थे। संतुलन बिगड़ने से वह पोल समेत गिर गए। पोल महर्थ के सिर पर गिरा। इससे वह गंभीर घायल और बेहोश हो गए। स्कूल प्रशासन उन्हें एमबी हॉस्पिटल लेकर पहुंचा, जहां प्राथमिक इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई। सूचना पर परिजन और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए और सख्त कार्रवाई की मांग की। करणी सेना के पदाधिकारी भी आए और स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। शाम 5:30 बजे पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन इसे लेकर पैतृक गांव बांसवाड़ा के लिए रवाना हो गए।