म्यूल एकाउंट्स पर पुलिस की कार्रवाई, ऑपरेशन म्यूल हंटर के तहत साइबर ठगी के तीन आरोपी गिरफ्तार

म्यूल एकाउंट्स पर पुलिस की कार्रवाई, ऑपरेशन म्यूल हंटर के तहत साइबर ठगी के तीन आरोपी गिरफ्तार
नागौर। पुलिस मुख्यालय के ‘म्यूल हंटर’ अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बैंक खाते उपलब्ध करवाने और ठगी की रकम निकालने वाले गिरोह के तीन गुर्गों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में भी शिकायतें दर्ज हैं। कोतवाली थानाधिकारी वेदपाल शिवरान ने बताया कि यह गिरोह बेहद शातिराना तरीके से तीन चरणों (पार्टी-ए, बी और सी) में काम करता है। ‘पार्टी-ए’ का काम गरीब और सीधे-साधे लोगों को पैसों का लालच देकर उनके दस्तावेज लेना और बैंक खाते खुलवाना है। ‘पार्टी-बी’ इन खातों का उपयोग कर देश के अलग-अलग हिस्सों में तकनीकी रूप से ठगी को अंजाम देती है। वहीं, ‘पार्टी-सी’ का काम बैंक खातों में आई ठगी की राशि को एटीएम या अन्य माध्यमों से सुरक्षित बाहर निकालना होता है। थानाधिकारी वेदपाल शिवरान ने शहरवासियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रलोभन में आकर अपना बैंक खाता किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए न दें। यदि आपके खाते से ठगी का लेनदेन होता है, तो खातेदार के विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की टीम गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।