बीकानेर: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद

बीकानेर स्थापना दिवस के अवसर पर होने वाली पतंगबाजी के बीच प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री एक बार फिर तेज हो गई है। शहर के कई इलाकों में चोरी-छिपे इस खतरनाक मांझे की सप्लाई की जा रही है, जो प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।
पुलिस की सख्ती के बावजूद यह मांझा बाहर से बसों और अन्य माध्यमों के जरिए शहर में पहुंच रहा है। शुक्रवार को इसी चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक मासूम की दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जो भी दुकानदार प्रतिबंधित मांझा बेचता हुआ पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में कोतवाली थानाधिकारी सविता ढाल के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गोगागेट क्षेत्र की गफूर बस्ती स्थित लाल गुफा रोड पर एक मकान में दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने मकान से 29 गेडी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।