दर्दनाक हादसा: ट्रोले की टक्कर से स्कूटी सवार महिला-पुरुष की मौत, चालक फरार

post 1506 (1)

सीकर/नवलगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर पलसाना बाइपास स्थित भदाला की ढाणी तिराहे पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रोले ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रोला चालक वाहन सहित फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार ट्रोला मंढ़ा मोड़ से पलसाना की ओर आ रहा था, जबकि स्कूटी सवार सीकर से खाटूश्यामजी जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रोले ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में झुंझुनूं जिले के डूंडलोद निवासी महेंद्र सिंह (50) और उनके होटल में कार्यरत बंगाल निवासी रितिका (30) गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को एंबुलेंस व एक कैम्पर गाड़ी के जरिए पलसाना ट्रोमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद ट्रोला चालक फरार:-

हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन इससे पहले ही ट्रोला चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना मिलने पर रानोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी चालक की पहचान करने में जुटी है।

डिप्टी कैलाश कंवर राठौड़ और रानोली थानाधिकारी रामलाल जाटोलिया ने भी अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। बाद में परिजनों के आने पर पुलिस ने देर शाम पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिए हैं।

खाटूश्यामजी में होटल शुरू करने जा रहे थे:-

बताया जा रहा है कि महेंद्र सिंह डूंडलोद में होटल संचालित करते थे और खाटूश्यामजी में नया होटल शुरू करने की योजना बना रहे थे। इसी सिलसिले में वे अपनी महिला कर्मचारी के साथ स्कूटी से एग्रीमेंट करने जा रहे थे।

हादसे से कुछ मिनट पहले ही उन्होंने अपने भांजे से फोन पर बातचीत में 15 मिनट में खाटू पहुंचने की बात कही थी, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।