बीकानेर के इस टोल प्लाजा पर अज्ञात युवकों का हंगामा, मारपीट के बाद आग लगाने की कोशिश

बीकानेर। लूणकरणसर हाइवे पर स्थित हरियासर टोल प्लाजा की लेन नंबर-01 पर टोल कर्मियों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, दो गाड़ियों में सवार तीन अज्ञात युवक टोल प्लाजा पहुंचे और कर्मचारियों से कहासुनी शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने टोल कर्मियों के साथ मारपीट की, जिससे कुछ कर्मचारियों को गंभीर चोटें आईं।
इसके बाद हमलावरों ने वहां खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की और आग लगाने की कोशिश भी की। हालात बिगड़ते देख टोल प्लाजा मैनेजर मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टोल कर्मचारी और कुछ युवक लाठी-डंडों के साथ आपस में भिड़ते नजर आ रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।