ANTF Action: एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 240 किलो डोडा पोस्त जब्त; एक तस्कर गिरफ्तार

जालोर। एएनटीएफ जालोर टीम ने रानीवाड़ा पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 240 किलो 360 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। इस कार्रवाई का नेतृत्व एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने किया।
जानकारी के अनुसार, एएनटीएफ चौकी जालोर को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की कार गुजरात की ओर से रानीवाड़ा होते हुए सांचौर खारा की तरफ आ रही है, जिसमें अवैध मादक पदार्थ भरा हुआ है। सूचना के आधार पर टीम ने सरहद बडगांव में नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और तेज गति से भागने लगा। इस पर टीम ने टायर ब्रेकर का इस्तेमाल कर वाहन के टायर क्षतिग्रस्त कर दिए, फिर भी आरोपी करीब दो किलोमीटर तक कार भगाते रहे।
एएनटीएफ टीम ने पीछा किया, जिसके बाद आरोपी वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। इस दौरान एक आरोपी को डिटेन कर लिया गया, जबकि दूसरा फरार होने में सफल रहा। सूचना मिलने पर रानीवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और नयावाड़ा (बागोड़ा) निवासी प्रवीण उर्फ पिंटू विश्नोई को गिरफ्तार कर लिया।
कार की तलाशी में अलग-अलग राज्यों की नंबर प्लेट्स भी बरामद हुई हैं, जिनमें गुजरात और मध्यप्रदेश के नंबर शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुलिस से बचने के लिए तस्कर इन नंबर प्लेट्स का इस्तेमाल करते थे। वाहन के वास्तविक रजिस्ट्रेशन की भी जांच की जा रही है।
प्राथमिक जांच में तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पश्चिमी राजस्थान के जालोर, सांचौर, बाड़मेर और बालोतरा क्षेत्रों में अफीम और डोडा पोस्त की तस्करी लंबे समय से सक्रिय है। बताया जा रहा है कि इस नेटवर्क की सप्लाई मध्यप्रदेश सहित अन्य जिलों से होती है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ की इतनी बड़ी खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपी कौन हैं।