Rajasthan: ‘सुनहरा कछुआ’ दिखाकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार

अजमेर। जिले के रूपनगढ़ थाना क्षेत्र में ‘सुनहरा कछुआ’ दिखाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल के अनुसार, इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और आरोपियों के पास से करीब 3 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह दुर्लभ और कीमती ‘सुनहरा कछुआ’ बेचने का झांसा देकर लोगों को निवेश के नाम पर फंसाता था। इस मामले की शुरुआत ब्यावर निवासी एक पीड़ित की शिकायत से हुई, जिसने 12 लाख रुपये की ठगी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी पीड़ितों को बताते थे कि यह कछुआ अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये का है और कम निवेश में भारी मुनाफा दिलाया जाएगा। लालच में आकर पीड़ित ने आरोपियों को 12 लाख रुपये दे दिए।
पुलिस टीम ने 11 अप्रैल 2026 को कार्रवाई करते हुए ताराचंद बावरिया (27), राहुल योगी (21) और रोहिताश बावरिया (24) को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह पहले भी उल्लू, ‘रेड मरकरी’ और अन्य तथाकथित दुर्लभ वस्तुओं के नाम पर लोगों से ठगी कर चुका है। आरोपी मोबाइल पर फोटो और वीडियो दिखाकर भरोसा जीतते थे और फिर सौदे के बहाने रकम ऐंठ लेते थे।
फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कथित ‘सुनहरा कछुआ’ आरोपियों के पास कहां से आया और इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। साथ ही पूरे नेटवर्क को खंगालने का प्रयास जारी है।