CSK vs DC मैच में अंपायर से बहस करना नीतीश राणा को पड़ा महंगा, भारी जुर्माने के साथ मिली ये सजा

post 1473 (1)

IPL 2026 में लगातार तीन हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत दर्ज कर राहत की सांस ली। हालांकि, मैच से ज्यादा चर्चा एक विवादित घटना को लेकर हो रही है, जिसमें ट्रिस्टन स्टब्स की ग्लव्स बदलने की मांग ठुकरा दी गई और बाद में मामला गर्मा गया।

19वें ओवर में शुरू हुआ विवाद:-

दिल्ली कैपिटल्स की पारी के 19वें ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स ने अंपायर से ग्लव्स बदलने की अनुमति मांगी। उन्होंने असहजता जताते हुए बताया कि उनके ग्लव्स पसीने से भीग चुके हैं और पकड़ बनाने में दिक्कत हो रही है। लेकिन चौथे अंपायर ने उनकी यह मांग मानने से इनकार कर दिया, जिससे दिल्ली टीम में नाराजगी दिखी।

अंपायर से भिड़े नीतीश राणा:-

इस फैसले के बाद नीतीश राणा ने अंपायर से तीखी बहस की। उनका कहना था कि गीले ग्लव्स के साथ खेलना न सिर्फ प्रदर्शन बल्कि खिलाड़ी की सुरक्षा के लिए भी खतरा हो सकता है। काफी देर तक चली इस बहस ने मैच के अंतिम ओवरों में तनाव और बढ़ा दिया।

आउट होने के बाद स्टब्स का गुस्सा:-

कुछ ही देर बाद स्टब्स बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए। जेमी ओवरटन की गेंद पर उन्होंने गलत शॉट खेला, जिसे नूर अहमद ने कैच कर लिया। आउट होने के बाद स्टब्स ने गुस्से में अपना बल्ला और ग्लव्स मैदान पर फेंक दिए और ड्रेसिंग रूम पहुंचकर हेलमेट भी पटक दिया।

राणा पर जुर्माना और डिमेरिट पॉइंट:-

मैच के बाद नीतीश राणा पर उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। साथ ही आईपीएल आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन के तहत उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया। यह कार्रवाई अनुच्छेद 2.3 के तहत की गई, जो मैच के दौरान अनुचित भाषा के इस्तेमाल से जुड़ा है। राणा ने अपनी गलती स्वीकार कर सजा मान ली।

गायकवाड़ पर भी कार्रवाई:-

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर भी धीमी ओवर-रेट के कारण 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह इस सीजन में टीम का पहला ऐसा उल्लंघन है।