सामने टेबल पर रखी थीं 500 के नोटों की 9 गड्डियां, अचानक पहुंच गई ACB टीम; खुला रह गया अधिकारी का मुंह!

Rajasthan ACB Action: राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए बारां जिले की अंता नगर पालिका में तैनात सहायक अभियंता महेंद्र सिंह को जांच के घेरे में लिया है। एसीबी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अचानक चेकिंग की, जिसमें उनके पास से 3 लाख 70 हजार रुपये की संदिग्ध नकदी बरामद हुई।
गुप्त सूचना पर रचा गया प्लान:-
एसीबी के महानिदेशक गोविंद्र गुप्ता के मुताबिक, मुख्यालय को पहले से इनपुट मिला था कि संबंधित अधिकारी बड़ी रकम के साथ हिण्डौन सिटी की ओर जाने वाला है। इसी सूचना के आधार पर करौली यूनिट ने रणनीति बनाकर बयाना रोड पर चेकिंग अभियान शुरू किया और मौके पर ही अधिकारी को रोक लिया।
नकदी का नहीं दे पाया संतोषजनक जवाब:-
तलाशी के दौरान बरामद रकम के बारे में पूछने पर अधिकारी कोई ठोस दस्तावेज या स्पष्ट जवाब पेश नहीं कर सका। इसके बाद एसीबी ने पूरी राशि जब्त कर ली और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई:-
यह पूरी कार्रवाई एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के निर्देशन में की गई। वहीं पुलिस निरीक्षक जगदीश भारद्वाज ने टीम के साथ मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और एस. परिमला की निगरानी में आरोपी से पूछताछ जारी है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई:-
एसीबी अधिकारियों का कहना है कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विस्तृत जांच कर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से साफ है कि राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती और तेज होने वाली है।