Rajasthan: हवेली में धन गड़ा होने के संदेह में कर रहे थे खुदाई, पुलिस ने मौके से 12 लोगों को किया गिरफ्तार

post 1457 (1)

Rajasthan News: झुंझुनू, बिसाऊ कस्बे के वार्ड 20 स्थित एक पुरानी हवेली में गड़ा धन होने की आशंका के चलते खुदाई कर रहे करीब एक दर्जन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। गुरुवार रात मोहल्ले के लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को पकड़ा और उनके पास से खुदाई के औजार बरामद किए।

जानकारी के अनुसार हवेली में पिछले 5-7 दिनों से खुदाई का काम जारी था। हालांकि अभी तक थाने में मामला दर्ज नहीं हुआ है, लेकिन घटना को लेकर पूरे कस्बे में चर्चाओं का दौर जारी है। बताया जा रहा है कि हवेली में एक परिवार लंबे समय से निवास कर रहा है, जहां कमरों में 4-5 फीट तक खुदाई की गई थी। एक कमरे से कुछ संदिग्ध सामान भी मिलने की बात सामने आई है।

स्थानीय लोगों ने जताई आपत्ति:-

मोहल्ले में पिछले कुछ दिनों से बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ने पर आसपास के निवासियों को संदेह हुआ। गुरुवार रात जब एक साथ कई लोग हवेली में दाखिल हुए, तो किसी ने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर थानाधिकारी शेर सिंह, डीओ ओमप्रकाश व पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और गेट खुलवाया तो वहां एक दर्जन आदमी मिले।

12 लोगों को लिया गया हिरासत में:-

पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए मौके से चौमालों का मौहल्ला वार्ड नम्बर 36 झुंझुनूं हाल निवासी बिसाऊ मनीष शर्मा (52), मुकुंदगढ़ थाने के गांव ढिगाल निवासी देवीलाल जाट (54), झुंझुनूं के देवराला गांव निवासी इसब नट (42), कमलेश नट (20) मुकेश नट (45) जयपुर के गलता थाने की कलन शाह कॉलोनी निवासी इजहार बिसायती (55), जयपुर के करधनी थाने के रामावतार जांगिड़ (58), पुलिस लाईन झुंझुनूं के पास निवासी नवल बंजारा (20), जयपुर के बस्सी थाने के खेड़ी निवासी राकेश कुमार सैनी (39), लाल कुआ रोड नम्बर 3 झुंझुनूं निवासी शंभूदयाल नेहरा (52), रामगढ़ मोड़ जगदीश कालोनी जयपुर निवासी मोहम्मद हसीम (45) तथा बीएसएनएल के पास झुंझुनूं निवासी नरेन्द्र नट (37) को हिरासत में ले लिया।

बीजेपी स्टीकर लगी कार बनी चर्चा का विषय:-

घटनास्थल पर खड़ी भारतीय जनता पार्टी का स्टीकर लगी एक कार भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। कार किसकी है और उसका इस मामले से क्या संबंध है, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।