बीकानेर : नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डोडा व नशीले कैप्सूल के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

बीकानेर। जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में बीछवाल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम ने गंगानगर रोड स्थित मोगा वालों के ढाबे के पास दबिश दी, जहां से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अवैध मादक पदार्थ डोडा और बड़ी संख्या में नशीले कैप्सूल बरामद किए गए।
बीछवाल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।