राजस्थान में शिक्षा विभाग सख्त, टीसी रोकने वाले स्कूलों पर होगी कड़ी कार्रवाई

post 1423 (1)

बीकानेर : राजस्थान में निजी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की टीसी (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) को लेकर होने वाले विवादों पर अब शिक्षा विभाग ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि किसी भी परिस्थिति में विद्यार्थियों की टीसी रोकना स्वीकार्य नहीं होगा।

शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने बताया कि यदि कोई विद्यार्थी स्कूल बदलना चाहता है या उसकी पढ़ाई पूरी हो गई है, तो अभिभावक के आवेदन पर तुरंत टीसी जारी करना अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी छात्र की पढ़ाई बीच में बाधित न हो।

निदेशालय के आदेश में यह भी साफ किया गया है कि यदि स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों के बीच किसी तरह का विवाद हो, तब भी छात्र की टीसी नहीं रोकी जा सकती। विद्यार्थियों के हित को प्राथमिकता देते हुए सभी निजी स्कूलों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

शिक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि आदेश की अनदेखी करने वाले स्कूलों के खिलाफ राजस्थान गैर सरकारी शैक्षिक संस्था अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।