Accident News: भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने कार को कुचला, सात लोग घायल

post 1416 (1)

Jaipur-Ajmer Highway Accident: जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। किशनगढ़ क्षेत्र के गेगल टोल प्लाजा पर तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने टोल लाइन में खड़ी कार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टोल बूथ का केबिन भी टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में कार सवार लोगों और टोल कर्मचारियों सहित कुल 7 लोग घायल हो गए।

दरगाह से लौटते वक्त हुआ हादसा:-

जानकारी के अनुसार कार में सवार लोग अजमेर शरीफ दरगाह से जियारत कर वापस लौट रहे थे। टोल प्लाजा पर भुगतान के लिए गाड़ी रुकी हुई थी, तभी पीछे से आ रहा कंटेनर अचानक अनियंत्रित होकर कार से जा टकराया।

तेज रफ्तार के चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सीधे कार में जा भिड़ा। टक्कर के बाद कार आगे खिसकते हुए टोल केबिन से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई और जोरदार धमाके की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंच गए।

राहत-बचाव में जुटे लोग और पुलिस:-

कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं टोल बूथ पर मौजूद कर्मचारी भी इस हादसे की चपेट में आ गए और घायल हो गए। सूचना मिलते ही गेगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और लंबा जाम लग गया। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर ट्रैफिक सामान्य कराया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह ट्रक की तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

You may have missed