सीज़फायर के बाद भारत ने ईरान में रह रहे अपने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइज़री, जल्द से जल्द देश छोड़ने की दी सलाह

सीज़फायर के बाद भारत ने ईरान में रह रहे अपने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइज़री, जल्द से जल्द देश छोड़ने की दी सलाह
ईरान और अमेरिका के बीच 2 हफ्तों का सीजफायर लागू हो गया है। इस संघर्षविराम का ऐलान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने किया। समझौते के तहत दोनों देशों ने फिलहाल एक-दूसरे पर हमले रोकने पर सहमति जताई है, साथ ही स्थायी शांति के लिए आगे बातचीत भी होगी।
बताया जा रहा है कि दोनों देशों के बीच 10 अप्रैल से पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शांति वार्ता शुरू होगी। इसी बीच भारत ने ईरान में रह रहे अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
भारतीयों को तुरंत निकलने की सलाह:-
ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया के जरिए जारी एडवाइजरी में कहा है कि मौजूदा हालात को देखते हुए भारतीय नागरिक दूतावास के समन्वय से और सुझाए गए सुरक्षित मार्गों का इस्तेमाल करते हुए जल्द से जल्द ईरान छोड़ दें।
दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिना पूर्व अनुमति और समन्वय के किसी भी अंतरराष्ट्रीय सीमा की ओर जाने की कोशिश न करें।
आपातकालीन संपर्क जारी:-
भारतीय दूतावास ने मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर (+989128109115, +989128109102, +989128109109, +989932179359) और ईमेल (cons.tehran@mea.gov.in) भी जारी किए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिक संपर्क कर सकें।
सीजफायर के दौरान सुरक्षित निकासी का मौका:-
भारत सरकार ने यह एडवाइजरी इसलिए जारी की है क्योंकि 14 दिनों के सीजफायर के दौरान हमलों का खतरा कम रहेगा। ऐसे में यह समय नागरिकों के लिए सुरक्षित तरीके से देश छोड़ने का उपयुक्त अवसर माना जा रहा है।