बीकानेर में देर रात दो समुदायों के बीच विवाद, पत्थरबाजी से फैला तनाव; पुलिस ने संभाली स्थिति

बीकानेर। शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र स्थित चौखूंटी इलाके में सोमवार देर रात छेड़छाड़ के आरोप को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। विवाद बढ़ने पर दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही नयाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरी रात पुलिस गश्त जारी रही और इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना की शुरुआत कुछ युवकों पर छेड़छाड़ के आरोप से हुई। स्थानीय लोगों के विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट की नौबत आ गई। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और मामला पत्थरबाजी तक पहुंच गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
नयाशहर थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और दोनों पक्षों को समझाइश कर शांति बनाए रखने की अपील की गई है। उपद्रव में शामिल युवकों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। अभी तक किसी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी और भाजपा नेता वेद व्यास मौके पर पहुंचे, जहां उनकी पुलिस अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। भाजपा नेता विजय उपाध्याय भी देर रात तक मौके पर मौजूद रहे। नेताओं की मौजूदगी के चलते पुलिस ने अतिरिक्त सतर्कता बरती।
फिलहाल इलाके में स्थिति शांत है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात रखा गया है।