Rajasthan Price Hike: राजस्थान में महंगाई का असर गहराने के संकेत, रोजमर्रा की कई चीजें हो सकती हैं महंगी

जयपुर। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव का असर अब राजस्थान के बाजारों में भी नजर आने लगा है। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के चलते ऊर्जा, कच्चे माल और लॉजिस्टिक्स की लागत बढ़ रही है, जिसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में रोजमर्रा की कई वस्तुएं महंगी हो सकती हैं।
उद्योग जगत से जुड़े लोगों के अनुसार वैश्विक स्तर पर ऊर्जा कीमतों में उछाल, कच्चे माल की सप्लाई में बाधाएं और रुपये की कमजोरी ने उत्पादन लागत बढ़ा दी है। इसका असर धीरे-धीरे विभिन्न सेक्टरों में देखने को मिल रहा है।
रेस्टोरेंट में खाना हो सकता है महंगा:-
जयपुर सहित राज्य के कई शहरों में होटल और रेस्टोरेंट संचालक मेन्यू कीमतों में बढ़ोतरी की तैयारी कर रहे हैं। कुछ जगहों पर रोटी-सब्जी सहित कई व्यंजनों के दाम पहले ही बढ़ाए जा चुके हैं। कमर्शियल एलपीजी, ईंधन, परिवहन और खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों ने संचालन लागत बढ़ा दी है। ऐसे में आने वाले दिनों में मेन्यू महंगा होना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि होटल व्यवसायी फिलहाल कमरे के किराए में बढ़ोतरी से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
कपड़ा उद्योग भी दबाव में:-
राजस्थान का गारमेंट सेक्टर भी बढ़ती लागत से प्रभावित हो रहा है। उद्योग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक कॉटन की कीमतों में करीब 30 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही प्रिंटिंग, डाइंग के केमिकल और ऊर्जा खर्च भी बढ़ गए हैं। इसका असर तैयार कपड़ों की कीमतों पर पड़ा है और रेडीमेड गारमेंट 5 से 7 फीसदी तक महंगे हो चुके हैं।
आगे और बढ़ सकती हैं कीमतें:-
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि कच्चे माल और ऊर्जा की लागत में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही, तो अन्य सेक्टरों में भी महंगाई का असर देखने को मिल सकता है। ऐसे में आने वाले महीनों में आम उपभोक्ताओं को खाने-पीने से लेकर कपड़ों तक कई चीजों पर ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है।