बीकानेर में देर रात भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने बस को मारी टक्कर, 10 से अधिक यात्री घायल

बीकानेर। पलाना-उदयरामसर मार्ग पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भादू पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे ट्रक ट्रोले ने बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में 11 यात्री घायल हो गए, जबकि कुल 25 लोगों को पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया गया। घायलों में बस चालक भगवानाराम की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज पीबीएम अस्पताल में जारी है, जबकि कुछ यात्रियों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
जोधपुर से संगरिया जा रही थी बस:-
जानकारी के अनुसार, बस सोमवार शाम जोधपुर से संगरिया के लिए रवाना हुई थी। देर रात रास्ते में सामने से आए ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार कई यात्री घायल हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर भी घायल:-
इस हादसे में बीकानेर की एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और उनकी बहन भी घायल हुई हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।