Crime News: नशा तस्करों का नया तरीका! बाइक के एयर क्लीनर में छिपाई नशे की खेप, 2 आरोपी गिरफ्तार

post 1386 (1)

चित्तौड़गढ़। राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) लगातार कार्रवाई कर रही है। तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सतर्कता के चलते उनके मंसूबे नाकाम हो रहे हैं।

ऐसे ही एक मामले में एएनटीएफ ने शंभूपुरा थाना क्षेत्र के अरनोदा-गिलूण्ड रोड पर कार्रवाई करते हुए बाइक के एयर क्लीनर में छिपाकर ले जाई जा रही करीब 2.70 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बाइक जब्त कर ली।

खेतों में भागे, लेकिन बच नहीं सके

एएनटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश के नीमच इलाके से दो व्यक्ति अफीम लेकर जोधपुर की ओर जा रहे हैं। इस पर टीम ने अरनोदा-गिलूण्ड रोड पर नाकाबंदी की। जैसे ही संदिग्ध बाइक वहां पहुंची, पुलिस का इशारा देखकर आरोपी घबरा गए और बाइक छोड़कर खेतों की ओर भागने लगे। टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और दोनों को पकड़ लिया।

एयर क्लीनर में छिपाई थी अफीम:-

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अफीम को बाइक के एयर क्लीनर के अंदर छिपा रखा है। तलाशी के दौरान वहां से 2.70 किलो अफीम बरामद हुई।

पुलिस ने नीमच के राजपुरिया निवासी गौतम दास वैष्णव और बंशीलाल नायक को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जोधपुर नेटवर्क की तलाश:-

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी यह खेप जोधपुर में सप्लाई करने जा रहे थे। एएनटीएफ अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस तस्करी गिरोह में और कौन-कौन शामिल है।