Accident : राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, SUV-बाइक में टक्कर के बाद लगी आग, दो सगे भाइयों की मौत

Accident : राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, SUV-बाइक में टक्कर के बाद लगी आग, दो सगे भाइयों की मौत
सीकर। राजस्थान के सीकर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। हादसा इतना भयंकर था कि टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे स्टेट हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 11 बजे सीकर शहर से लगभग 15 किलोमीटर दूर पिपराली के पास भैरू स्टैंड के नजदीक हुआ। यहां एक SUV और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक उछलकर सड़क किनारे जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दादिया थाना पुलिस और दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतकों की पहचान रामचंद्र गोस्वामी और मुकेश गोस्वामी निवासी पुरोहित का बास, लक्खीपुरा के रूप में हुई है। दोनों आपस में सगे भाई थे।
हादसे के कारण कोटपूतली-कुचामन स्टेट हाईवे पर करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
बताया जा रहा है कि दोनों मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। मृतक मुकेश के चार बेटियां हैं और उसकी पत्नी गर्भवती है। हादसे की खबर मिलते ही पत्नी सुमन बेसुध हो गई और पूरे परिवार में मातम छा गया। वहीं, रामचंद्र के परिवार में एक बेटी और दो बेटे हैं।