बीकानेर: नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एमडी व डोडा सहित एक तस्कर गिरफ्तार

post 1377

बीकानेर। जिले के नोखा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए हैं। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन और सीओ जरनैल सिंह के सुपरविजन में अंजाम दी गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सीआई अरविंद भारद्वाज के नेतृत्व में टीम ने नोखा शहर स्थित एक मकान पर छापा मारा, जहां से तस्कर ओमप्रकाश बिश्नोई को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 56 ग्राम एमडी (मादक पदार्थ), 10 किलो से अधिक साबुत डोडा पोस्त और करीब 3 किलो 500 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज हैं, जिससे उसके लंबे समय से नशा तस्करी में लिप्त होने की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मादक पदार्थों की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।

इस कार्रवाई में एसआई कुशलाराम सहित कांस्टेबल बाबूलाल, रामेश्वरलाल, जेठूसिंह और निर्मला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।