IMD Alert: राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, बीकानेर सहित इन जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

post 1374 (1)

जयपुर। राजस्थान में अप्रैल की शुरुआत के साथ ही मौसम ने करवट ले ली है। आमतौर पर इस समय तेज गर्मी देखने को मिलती है, लेकिन इस बार कई इलाकों में तापमान सामान्य बना हुआ है। मौसम विभाग ने 6 अप्रैल से अगले तीन दिनों के लिए ताजा अपडेट जारी करते हुए राज्य में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है।

6 अप्रैल: पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार, 6 अप्रैल को दोपहर बाद एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है।

7 अप्रैल: असर रहेगा सबसे ज्यादा

7 अप्रैल को इस सिस्टम का सबसे अधिक प्रभाव देखने को मिलेगा। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई इलाकों में 50-60 किमी प्रति घंटे की तेज आंधी चल सकती है। साथ ही कई स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में 20 से 50 मिमी तक बारिश हो सकती है।

8 अप्रैल: आंशिक राहत, फिर शुष्क मौसम

8 अप्रैल को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि बाकी अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। वहीं 9 अप्रैल से अगले 3-4 दिनों तक राज्य में मौसम साफ रहेगा और तापमान में 2-3 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।

किसानों के लिए जरूरी सलाह:-

मौसम विभाग ने किसानों को सतर्क करते हुए कहा है कि संभावित बारिश और ओलावृष्टि को देखते हुए खुले में रखे अनाज और कृषि उत्पादों को ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारित करें, ताकि नुकसान से बचा जा सके।

You may have missed