राजस्थान: पत्नी की मौत से टूटा पति, लिखा ‘तेरे बिना नहीं जी सकूं’, फिर ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

post 1356 (1)

राजस्थान: पत्नी की मौत से टूटा पति, लिखा ‘तेरे बिना नहीं जी सकूं’, फिर ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

सुलताना/चिड़ावा। झुंझुनूं जिले में कुछ ही घंटों के अंतराल में पति-पत्नी द्वारा आत्महत्या करने की दर्दनाक घटना सामने आई है। पहले पत्नी ने अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी, वहीं इसकी सूचना मिलने पर जयपुर जा रहा पति नवलगढ़ के पास ट्रेन के आगे कूद गया।

जानकारी के अनुसार पदमपुरा निवासी सचिन दूधवाल (25) की शादी वर्ष 2024 में भारती (23) से हुई थी। बताया जा रहा है कि भारती अपनी बीमार मां से मिलने पीहर जाना चाहती थी, लेकिन किसी कारण से नहीं जा सकी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।

शनिवार सुबह सचिन जयपुर के लिए रवाना हुआ। उसके घर से निकलने के कुछ ही घंटों बाद भारती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी की मौत की सूचना मिलते ही सचिन गहरे सदमे में आ गया। उसने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिखते हुए ‘मिस यू भारती… म्हें भी कोनी रह सकूं तेरे बिना…’ जैसे शब्द लिखे और नवलगढ़ के दुर्जनपुरा रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।

ट्रेन से कटकर हुई मौत:-

घटना शनिवार दोपहर करीब सवा एक बजे की है। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नवलगढ़ जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बाद में परिजनों ने शव की शिनाख्त की और पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।

दो दिन पहले ही मनाया था बेटे का जन्मदिन:-

दंपती के एक वर्षीय बेटे प्रियांशु का दो दिन पहले ही पहला जन्मदिन मनाया गया था। इस दर्दनाक घटना के बाद मासूम बच्चे के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया।

दहेज प्रताड़ना का आरोप, मामला दर्ज:-

मृतका के भाई चमनप्रकाश ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। भारती का पोस्टमार्टम चिड़ावा के राजकीय उप जिला अस्पताल में कराया गया, जबकि सचिन के शव का पोस्टमार्टम नवलगढ़ में किया गया।

गोल्ड मेडलिस्ट थी भारती:-

मृतका के पिता ओमप्रकाश खारिया ने बताया कि उनकी बेटी प्रतिभाशाली खिलाड़ी थी और खेलों में गोल्ड मेडल जीत चुकी थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही भारती को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

पुलिस ने शुरू की जांच:-

घटना की सूचना पर सुलताना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। चिड़ावा के डिप्टी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

थानाधिकारी का बयान:-

सुलताना थानाधिकारी रविंद्र सिंह ने बताया कि पीहर पक्ष की ओर से प्रताड़ना की रिपोर्ट दी गई है, जिसके आधार पर जांच जारी है।