राजस्थान: चलती रोडवेज बस से कूदी महिला, पहिए के नीचे आने से दर्दनाक मौत

post 1346 (1)

राजस्थान: झालावाड़ जिले के रायपुर क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में चलती रोडवेज बस से कूदने के बाद एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कुछ समय तक शव हाईवे पर पड़ा रहा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

चलती बस से कूदने पर हादसा:-

प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे भूमाडा तिराहे के पास हाईवे पर हादसे की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो सड़क पर एक महिला का शव मिला, जिसका चेहरा वाहन के पहिए के नीचे आने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला भूमाडा तिराहे से रोडवेज बस में सवार हुई थी और कुछ ही दूरी पर उसने अचानक चलती बस से कूदने का प्रयास किया।

कंडक्टर ने रोकने की कोशिश की:-

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला को कूदने से रोकने के लिए बस कंडक्टर ने उसे पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह नहीं रुकी। बस से नीचे गिरते ही उसका सिर पिछले पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मध्यप्रदेश की रहने वाली थी मृतका:-

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान मांगी बाई (पत्नी भंवरलाल गुर्जर) निवासी दतियाखेड़ी, थाना सोयत, जिला आगर मालवा (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बकानी क्षेत्र से अपने ससुराल जा रही थी।

जांच में जुटी पुलिस:-

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।