Weather Update : राजस्थान में मौसम का यू-टर्न, 13 दिन में दूसरी बार गिरा पारा, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

post 1339 (1)

Rajasthan Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश का मौसम एक बार फिर बदल गया है। शुक्रवार को कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली, जिससे अधिकतम तापमान में करीब 8 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। पिछले दो हफ्तों में यह दूसरी बार है जब तापमान में इतनी बड़ी कमी आई है।

श्रीगंगानगर, बीकानेर, जयपुर, जैसलमेर, अजमेर और राजसमंद समेत कई इलाकों में ओलावृष्टि के साथ बारिश हुई, जबकि नागौर, सीकर और झुंझुनूं में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 40-50 किमी/घंटा रही। श्रीगंगानगर के पदमपुर में सबसे ज्यादा 11.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। खराब मौसम के बीच जयपुर में पोल गिरने और अजमेर में करंट लगने से एक लाइनमैन की जान चली गई।

कई जिलों में अलर्ट जारी:-

मौसम विभाग ने प्रदेश के 19 जिलों—जयपुर, दौसा, अलवर, अजमेर, कोटा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डीग, भीलवाड़ा, चूरू, नागौर, पाली और श्रीगंगानगर सहित—में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं बांसवाड़ा, बारां, ब्यावर, भरतपुर, धौलपुर, डूंगरपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली और सीकर समेत 12 जिलों में येलो अलर्ट लागू किया गया है।

किसानों के लिए चेतावनी:-

मौसम केंद्र ने किसानों को सलाह दी है कि पककर तैयार फसलों और मंडियों में खुले में रखे अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखें या ढक दें, ताकि बारिश से नुकसान न हो।

फसलों को भारी नुकसान:-

ओलावृष्टि से श्रीगंगानगर के राजियासर-बीरमाना क्षेत्र में गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है, जबकि बीकानेर के महाजन और अर्जुनसर इलाके के रामसरा गांव में ईसबगोल की फसल खराब हो गई। मेड़ता सिटी मंडी में रखा रायड़ा, चना और जीरा भी भीगने से खराब हो गया, जिससे करोड़ों का नुकसान बताया जा रहा है।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार 5 और 6 अप्रैल को मौसम कुछ शांत रह सकता है, लेकिन 7 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण फिर से आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

तापमान में गिरावट (डिग्री सेल्सियस में)

  • फतेहपुर: 29.4 (गिरावट 8.3)
  • चूरू: 30.4 (गिरावट 7.5)
  • बीकानेर: 30.0 (गिरावट 6.3)
  • सीकर: 30.5 (गिरावट 5.5)
  • अजमेर: 29.7 (गिरावट 4.9)
  • जयपुर: 32.2 (गिरावट 3.8)
  • जोधपुर: 29.6 (गिरावट 5.2)