Rajasthan: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लग्जरी कार से 41 किलो डोडा-चूरा जब्त; पढ़े पूरी खबर

post 1338 (1)

Rajasthan: कोटा ग्रामीण पुलिस ने नशे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से डोडा चूरा ले जा रही दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 41 किलो 184 ग्राम डोडा चूरा बरामद करने के साथ तस्करी में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

हरियाणा नंबर की कार पर हुआ शक:-

कोटा ग्रामीण एसपी डॉ. सुजीत शंकर के अनुसार, गुरुवार को पुलिस टीम दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के चेचट इंटरचेंज पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक लग्जरी कार संदिग्ध हालत में नजर आई। पुलिस को देखकर चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और टोल की ओर भागने की कोशिश की।

पान मसाले के बैग में छिपाया था नशा:-

शक के आधार पर थानाधिकारी मदन ढाका की अगुवाई में पुलिस टीम ने कार को रुकवाकर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से पान मसाले के चार बैग मिले। जब बैग खोले गए तो उनमें बड़ी मात्रा में डोडा चूरा भरा हुआ मिला।

इसके बाद कार में सवार दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उनकी पहचान पंजाब के संगरूर निवासी परमजीत कौर (47) और लुधियाना निवासी गुलशन कौर (40) के रूप में हुई। दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

मध्यप्रदेश से लेकर जा रही थीं खेप:-

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिलाएं मध्यप्रदेश के गरोठ क्षेत्र के पास से एक्सप्रेस-वे पर चढ़ी थीं और डोडा चूरा को लुधियाना ले जाने की फिराक में थीं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।