बीकानेर: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 100 ग्राम एमडी के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर। अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी विजेंद्र कुमार सीला ने बताया कि 1 अप्रैल की रात गश्त के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली। सूचना के आधार पर अंसल कॉलोनी, महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के पास एक बिना नंबर की संदिग्ध कार को रुकवाया गया।
तलाशी लेने पर कार में सवार रामेश्वर भादू पुत्र देवाराम जाट निवासी बंगला नगर के कब्जे से करीब 100 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को जब्त कर वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही यह जांच शुरू कर दी गई है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लाया और इसे कहां सप्लाई करने की योजना थी।
पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।