Heavy Rain Alert : राजस्थान में मौसम का यू-टर्न, 3 से 7 अप्रैल तक आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

post 1331 (1)

Heavy Rain Alert: राजस्थान में मौसम ने आज से अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से 3 अप्रैल को बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई हिस्सों में तेज गर्जना के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के कारण पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से बीते 24 घंटों में भी कई जगह आंधी और बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक 11.5 मिमी बारिश पदमपुर (श्रीगंगानगर) में रिकॉर्ड की गई है।

आने वाले दिनों में भी रहेगा असर:-

मौसम विभाग का कहना है कि 4 अप्रैल को उदयपुर, अजमेर, कोटा, जयपुर, भरतपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में तेज आंधी-बारिश के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि की प्रबल संभावना बनी हुई है।

7 अप्रैल को फिर बदलेगा मौसम:-

5 और 6 अप्रैल को मौसम गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन 7 अप्रैल को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में फिर से तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

किसानों के लिए अहम सलाह:-

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि खुले में रखी फसल, अनाज और कृषि उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें या ढककर रखें, ताकि बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान न हो।

अचानक बदलाव की वजह:-

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण अरब सागर से नमी आ रही है, जिससे आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की स्थिति बन रही है। यह सिलसिला 7-8 अप्रैल तक जारी रह सकता है, जबकि 10 अप्रैल तक हीटवेव की संभावना नहीं है।

सुबह से बदला मौसम:-

शुक्रवार सुबह से ही राजस्थान के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में मौसम ने अचानक रुख बदल लिया। जैसलमेर, अजमेर, नागौर, सीकर, कुचामन-डीडवाना और जालोर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।