Crime News: चाय की टपरी पर मिला बुजुर्ग का शव, सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका से दहशत

post 1330 (1)

Crime News: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। नेशनल हाईवे-911 पर स्थित एक चाय की टपरी पर 68 वर्षीय बुजुर्ग का शव संदिग्ध हालात में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतक के सिर पर गहरे चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले को प्रथम दृष्टया हत्या मानते हुए जांच तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बांडा कॉलोनी निवासी पालीराम (68) के रूप में हुई है, जो लंबे समय से अपने बहनोई साधुराम की चाय की दुकान पर काम करता था और वहीं रहता था।

बताया जा रहा है कि रोज की तरह जब साधुराम दुकान पर पहुंचा, तो उसने पालीराम को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। यह नजारा देख वह घबरा गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही अनूपगढ़ थाना प्रभारी ईश्वर जांगिड़ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके का निरीक्षण करने पर सामने आया कि पालीराम के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया है। घटनास्थल पर फैला खून और हालात गंभीर वारदात की ओर इशारा कर रहे थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद ही पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इस घटना के बाद हाईवे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।