राजस्थान में अनूठी शादी, युवती ने भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति से रचाया विवाह
राजस्थान के जयपुर जिले के जोबनेर क्षेत्र से एक अनोखा और चर्चा का विषय बना विवाह सामने आया है। यहां एक युवती ने भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति के साथ पूरे रीति-रिवाजों से विवाह किया, जिसकी खबर तेजी से लोगों के बीच फैल रही है।
इस अनोखे विवाह के लिए बाकायदा निमंत्रण पत्र छपवाए गए और करीब 400 लोगों को बांटे गए। कार्ड में जब लोगों ने युवती की शादी भगवान श्रीकृष्ण से होने की बात पढ़ी, तो सभी हैरान रह गए।
जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल को चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर 21 वर्षीय दिव्यांग युवती तमन्ना कंवर का विवाह भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति के साथ पूरे हिंदू रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। यह विवाह सिर्फ प्रतीकात्मक नहीं था, बल्कि इसमें हल्दी, मेहंदी, संगीत और बारात जैसी सभी रस्में निभाई गईं।
तमन्ना के पिता मंगल सिंह खंगारोत ने इस अवसर के लिए भगवान श्रीकृष्ण की चांदी की विशेष प्रतिमा बनवाई, जिस पर सोने की परत चढ़ाई गई। वहीं विवाह की पवित्रता बनाए रखने के लिए परिवार वृंदावन के भांडीर वन से सुहाग सामग्री और सिंदूर लेकर आया।

तमन्ना की मां डॉ. मंजू कंवर के अनुसार, बेटी की दिव्यांगता के कारण सामान्य विवाह में कई चुनौतियां थीं, लेकिन एक मां के रूप में वह कन्यादान करना चाहती थीं। इसी दौरान उनके मन में भगवान श्रीकृष्ण से विवाह का विचार आया, जिसे परिवार और समाज ने भी स्वीकार कर लिया।
विवाह समारोह की शुरुआत ‘पीला चावल’ की रस्म से हुई, जिसके बाद हल्दी और मेहंदी की रस्में निभाई गईं। बारात गढ़ परिसर स्थित केशवरायजी मंदिर से निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
तमन्ना की परवरिश में उनकी मां ने अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने बेटी की देखभाल के लिए अपनी पढ़ाई तक बीच में छोड़ दी थी, जिसे बाद में पूरा करते हुए उन्होंने बनस्थली विद्यापीठ से उच्च शिक्षा प्राप्त की।
इस अनोखे विवाह को लेकर जहां पहले लोग तरह-तरह की बातें करते थे, वहीं अब पूरा समाज इस आयोजन में शामिल होकर खुशी मना रहा है। परिवार का कहना है कि उनके लिए यह सिर्फ विवाह नहीं, बल्कि आस्था और सम्मान का प्रतीक है।