Rajasthan Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि; जानें आगे कैसा रहेगा मौसम

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते शुक्रवार सुबह मरूस्थलीय और मध्य क्षेत्रों में अचानक मौसम बदल गया। जैसलमेर, नागौर, कुचामन-डीडवाना और जालोर समेत कई जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है।
जैसलमेर में ओलों की सफेद चादर:-
जैसलमेर के ग्रामीण इलाकों में शुक्रवार सुबह कुदरत का अलग ही नजारा देखने को मिला। पिथोडाई गांव में सुबह करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच करीब 15 मिनट तक तेज ओलावृष्टि हुई। ओले इतने ज्यादा गिरे कि खेतों और सड़कों पर सफेद परत जम गई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि जैसलमेर शहर में रुक-रुक कर हल्की बारिश जारी है।
क्यों बदला मौसम?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदेश में लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। अरब सागर से आ रही नमी के कारण बादल बन रहे हैं, जिससे बारिश, तेज आंधी और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो रही है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
- 3 अप्रैल: 8 जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, बाकी जिलों में येलो अलर्ट
- 4 अप्रैल: सिस्टम कमजोर पड़ेगा, लेकिन कुछ जिलों में हल्की बारिश जारी रहेगी
- 6 अप्रैल: नया और ज्यादा मजबूत सिस्टम सक्रिय होगा
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, 6 अप्रैल का सिस्टम ज्यादा प्रभावी रहेगा, जिसका असर 7 और 8 अप्रैल को पूरे प्रदेश में दिखाई देगा। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ थंडरस्ट्रॉर्म (आंधी-बिजली) की गतिविधियां जारी रहेंगी।
किसानों पर मौसम की मार:-
जहां आमजन को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए यह बारिश परेशानी बन गई है। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में तेज आंधी और ओलावृष्टि से गेहूं की पकी फसलें खेतों में गिर गई हैं। कटाई के समय हुई इस बारिश से फसल की गुणवत्ता और उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका है।
10 अप्रैल तक गर्मी से राहत:-
राहत की बात यह है कि सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण 10 अप्रैल तक प्रदेश में हीटवेव की संभावना नहीं है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की उम्मीद है।
3 अप्रैल को इन जिलों में बारिश का अलर्ट:-
- ऑरेंज अलर्ट: सीकर, झुंझुनूं, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर
- येलो अलर्ट: अधिकांश जिले (डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ को छोड़कर)
4 अप्रैल को इन जिलों में बारिश का अलर्ट:-
- येलो अलर्ट: बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अलवर, दौसा, नागौर, अजमेर, टोंक, भीलवाड़ा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, उदयपुर, बांसवाड़ा
6 अप्रैल को इन जिलों में बारिश का अलर्ट:-
- येलो अलर्ट: जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़