IPL खेलने से रोका गया तो कोर्ट पहुंचा ये क्रिकेटर, RCB को पिछले सीजन बना चुका है चैंपियन
IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का आगाज हो चुका है और सभी टीमें अपने-अपने शुरुआती मुकाबले खेल चुकी हैं। इस टूर्नामेंट में 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसके बाद 70 मुकाबलों के जरिए चैंपियन का फैसला होगा। टूर्नामेंट में दुनियाभर के कई देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इसी बीच श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा (Nuwan Thushara) को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है।
दरअसल, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने तुषारा को एनओसी (No Objection Certificate) देने से इनकार कर दिया है, जिसके बाद 31 वर्षीय खिलाड़ी ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
पिछले सीजन में अहम भूमिका:-
तुषारा ने पिछले सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को खिताब दिलाने में अहम योगदान दिया था। हालांकि इस बार उन्हें फिटनेस टेस्ट में फेल होने के कारण बोर्ड ने एनओसी जारी नहीं किया।
मेगा ऑक्शन में मिली थी बड़ी रकम:-
2025 के मेगा ऑक्शन में आरसीबी ने तुषारा को 1.6 करोड़ रुपये में खरीदा था और 2026 सीजन के लिए भी उन्हें रिटेन किया गया था। लेकिन एनओसी नहीं मिलने के कारण वह लीग में शामिल नहीं हो पा रहे हैं।
कोर्ट पहुंचा मामला:-
तुषारा ने कोलंबो के जिला न्यायालय में याचिका दायर कर एनओसी जारी करने की मांग की है। इस मामले की अगली सुनवाई 19 अप्रैल को होगी।
खिलाड़ी का पक्ष:-
तुषारा का कहना है कि उन्होंने श्रीलंका क्रिकेट को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की इच्छा पहले ही बता दी थी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर ऐसा है, तो उन्हें एनओसी न देने के फैसले को अदालत को रद्द कर देना चाहिए। उनका यह भी दावा है कि उनकी फिटनेस को लेकर पहले कभी सवाल नहीं उठाए गए।
बोर्ड का नियम और टीम की स्थिति:-
गौरतलब है कि श्रीलंका क्रिकेट ने राष्ट्रीय टीम में चयन के लिए फिटनेस टेस्ट को अनिवार्य कर रखा है। वहीं, आरसीबी ने अभी तक तुषारा के स्थान पर किसी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की घोषणा नहीं की है।
RCB की टीम (IPL 2026)
रजत पाटीदार, देवदत्त पडिक्कल, विराट कोहली, फिल साल्ट, जितेश शर्मा, जॉर्डन कॉक्स, क्रुणाल पंड्या, स्वप्निल सिंह, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, जेकब बेथेल, वेंकटेश अय्यर, सात्विक देसवाल, मंगेश यादव, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, जोश हेज़लवुड, रसिख डार, सुयश शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, नुवान तुषारा, अभिनंदन सिंह, जैकब डफी, यश दयाल।