बीकानेर: दिल दहला देने वाली घटना, नवजात बालिका का क्षत-विक्षत शव मिलने से फैली सनसनी

post 1303 (1)

बीकानेर: श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जहां एक ओर हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियां चल रही थीं, वहीं पूर्णिमा के दिन आइसर बास बाई 32 क्षेत्र में एक नवजात बालिका का क्षत-विक्षत शव मिलने से माहौल शोक और आक्रोश में बदल गया।

जानकारी के मुताबिक, सुबह मजदूरी पर जा रहे एक युवक की नजर श्मशान रोड के पास पड़े शव पर पड़ी। उसने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव को आवारा जानवरों ने बुरी तरह नोच लिया था, जिससे हालत बेहद भयावह हो गई थी। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यह किसी पुराने दफन शव को निकालकर फेंकने का मामला नहीं लगता।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई। पुलिस द्वारा स्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जांच शुरू की जा रही है। यह घटना न सिर्फ इंसानियत को झकझोरने वाली है, बल्कि समाज के सामने कई गंभीर सवाल भी खड़े कर रही है। फिलहाल सभी की नजर पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।