महिला ने दो बच्चों सहित लगाई फांसी, मां-बेटी की मौत, बेटा बचा

2

महिला ने दो बच्चों सहित लगाई फांसी, मां-बेटी की मौत, बेटा बचा

हनुमानगढ़। जिले के पल्लू कस्बे में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। इस दर्दनाक घटना में मां और बेटी की मौत हो गई, जबकि बेटा फंदा खुल जाने से बच गया और उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पल्ल्लू ना प्रभारी सुरेश कुमार मील ने बताया कि अर्जुनसर मेगा हाइवे पर तहसील कार्यालय के पास संदीप पुत्र कानाराम जाट निवासी गोलूवाला निवादान अपनी पत्नी सुमन (30), बेटी रितिका (13) व बेटे जितेश (8) के साथ किराए के मकान में रह रहा था। परिवार पिछले तीन वर्षों से यहां रह रहा था। संदीप मिनी डेयरी फार्म का काम करता था और साथ ही मोटर बाइंडिंग की दुकान भी चलाता था। बुधवार सुबह करीब 10 बजे संदीप गाय बेचने के लिए रावतसर के पशु मेले में गया हुआ था। घर पर उसकी पत्नी और दोनों बच्चे मौजूद थे। शाम करीब ढाई से चार बजे के बीच सुमन ने अपने दोनों बच्चों के साथ मकान की दूसरी मंजिल पर बने टीन शेड में रस्सी का फंदा लगा लिया। इस दौरान सुमन और उसकी बेटी रितिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटे जितेश का फंदा खुल गया और वह नीचे कमरे में आकर अचेत हो गया। जिसको ग्रामीणों व पुलिस ने एम्बुलेंस के माध्यम से पल्लू व रावतसर में ग्रीन कॉरिडोर बनाते हुए राजकीय जिला अस्पताल में पहुंचाया।