बीकानेर: पंचायत-निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस नेता का कथित ऑडियो वायरल, सोशल मीडिया पर बवाल, BJP-कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप तेज
बीकानेर: पंचायत-निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस नेता का कथित ऑडियो वायरल, सोशल मीडिया पर बवाल, BJP-कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप तेज
Rajasthan Politics: पंचायत और नगर निकाय चुनाव की तारीख भले ही अभी घोषित नहीं हुई हो, लेकिन सियासी माहौल गर्माने लगा है। इस बार चुनावी रणनीति का केंद्र सोशल मीडिया बनता नजर आ रहा है, जहां आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है। इसी बीच कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता का कथित ऑडियो वायरल होने से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
कांग्रेस और भाजपा दोनों ही इस ऑडियो को अपने-अपने नजरिए से पेश कर रहे हैं। मंगलवार को कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के पुत्र रविशेखर मेघवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी बात रखी।
दरअसल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गोविन्दराम मेघवाल का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसे गोविन्दराम मेघवाल एडिट कर बदनाम करने के लिए तैयार कर वायरल करने का आरोप लगा रहे है। वे इसे भाजपा की साजिश बता रहे है। वायरल ऑडियो में पिछले चुनावों के दौरान पार्टी के भीतर कथित गुटबाजी और भीतरघात को लेकर बातचीत का जिक्र है। इसमें दिवंगत नेता रामेश्वर डूडी को लेकर भी बात कही गई है।
समाजों में वैमनस्य फैलाने का प्रयास:-
कांग्रेस नेता मदन गोपाल मेघवाल ने कहा कि इस ऑडियो के जरिए समाजों में वैमनस्य फैलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसकी निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस एकजुट है और इस तरह के प्रयासों की कड़ी निंदा करती है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ व्यक्तियों की हरकत के लिए पूरे समाज या पार्टी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए।
भाजपा की प्रतिक्रिया:-
वहीं भाजपा नेता रविशेखर मेघवाल ने कहा कि बिना तथ्यों के किसी का नाम लेना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि गोविन्दराम मेघवाल पहले भी उनका नाम गलत संदर्भों में ले चुके हैं। साथ ही, दिवंगत नेता रामेश्वर डूडी को लेकर की गई टिप्पणियों को उन्होंने अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल जनता के हित में लगातार काम कर रहे हैं और उन पर बेबुनियाद आरोप लगाना गलत है। उन्होंने भी वायरल ऑडियो की जांच की मांग की।
कांग्रेस में गुटबाजी तेज:-
जिले में कांग्रेस के भीतर गुटबाजी की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। आगामी पंचायत और निकाय चुनाव को देखते हुए टिकट वितरण को लेकर खींचतान बढ़ रही है। स्थानीय नेता जयपुर में वरिष्ठ नेताओं से संपर्क साध रहे हैं। देहात क्षेत्र में गोविन्दराम मेघवाल और बीकानेर शहर में बीडी कल्ला का प्रभाव माना जाता है। जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के बाद पार्टी में अलग-अलग शक्ति केंद्र बनने की कवायद भी तेज हो गई है।