बीकानेर में खौफनाक वारदात: प्रेम प्रसंग के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पढ़े खबर
जसरासर (बीकानेर)। जिले के झाड़ेली गांव में प्रेम प्रसंग के संदेह ने एक युवक की जान ले ली। सुनियोजित तरीके से बुलाकर की गई बेरहमी से मारपीट में घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर हालात पर नजर रखी जा रही है।
शक बना जानलेवा
मृतक की पहचान झाड़ेली निवासी मनोज मेघवाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मनोज का गांव की एक महिला के घर आना-जाना था, जिस पर महिला के परिजनों को संदेह था। इसी शक ने हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने योजना बनाकर मनोज को घर बुलाया, जहां पहले से मौजूद लोगों ने उस पर लाठियों व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण वह बेहोश हो गया।
रात 3:30 बजे मिली सूचना, इलाज के दौरान मौत:-
थानाधिकारी आलोक सिंह के अनुसार सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे मृतक के भाई कुंभाराम मेघवाल ने घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मनोज को जसरासर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
आठ आरोपियों पर मामला दर्ज:-
मृतक के भाई की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने विमला, सुरजाराम, भागीरथ, भरताराम, राजूराम, भींयाराम, रातिराम और पतराम सहित आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि सभी ने मिलकर साजिश रचते हुए महिला के जरिए मनोज को बुलाया और उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
गांव में बढ़ा तनाव:-
घटना के बाद झाड़ेली गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचाव के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। परिजन आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।