Rajasthan: लग्जरी कार से निकला ‘खजाना’, 13 बॉक्स में भरे थे सोने के गहने, पुलिस भी रह गई हैरान
मंडार। मंडार पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में सोने के आभूषण और नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए आभूषणों की बाजार कीमत करीब 9 करोड़ रुपए आंकी गई है।
थानाधिकारी प्रवीण आचार्य ने बताया कि टोल नाके के पास एएसआई नरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान रेवदर की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार को रुकवाकर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार से 13 बॉक्स बरामद हुए, जिनमें करीब 6 किलो 319 ग्राम सोने के आभूषण और 93 हजार 550 रुपए नकद मिले। जब वाहन में सवार लोगों से इन आभूषणों के बिल या वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
बरामद बॉक्स में अंगूठियां, टॉप्स, चेन, मंगलसूत्र और पेंडेंट सहित विभिन्न प्रकार के आभूषण शामिल हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालक मोहनभाई रेबारी, सेल्समैन दिलीप कुमार घांची और सुरेश कुमार घांची को गिरफ्तार कर लिया है।