Sub Inspector Exam-2025 : 5-6 अप्रैल को होगी SI भर्ती परीक्षा, अगले सप्ताह भेजी जाएगी सामग्री, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

post 1259 (1)

Sub Inspector Exam-2025 : राजस्थान लोक सेवा आयोग 5 और 6 अप्रैल को प्रस्तावित सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को लेकर तैयारियों में जुट गया है। आयोग अगले सप्ताह परीक्षा सामग्री केंद्रों तक पहुंचाएगा। परीक्षा के दौरान और केंद्रों के आसपास सख्त एवं बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी।

आयोग के सचिव रामनिवास मेहता के अनुसार, राज्य के 41 शहरों में कुल 1174 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 7.70 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दोनों दिन दो पारियों में आयोजित होगी—सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक सामान्य हिंदी और दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक जनरल नॉलेज एंड जनरल साइंस का पेपर होगा।

अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा जिला आवंटन की जानकारी एसएसओ पोर्टल पर उपलब्ध करा दी गई है, जहां वे लॉगिन कर अपनी डिटेल्स देख सकते हैं। प्रवेश पत्र 2 अप्रैल को आयोग की वेबसाइट और एसएसओ पोर्टल पर जारी किए जाएंगे, जिनमें विशेष क्यूआर कोड भी होगा। अभ्यर्थी आवेदन क्रमांक और जन्मतिथि के जरिए एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।

परीक्षा दो चरणों में आयोजित होगी और ओएमआर शीट में पांचवें विकल्प को भरने के लिए 10 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।

परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस के समन्वय से विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर वीडियो रिकॉर्डिंग होगी, वहीं संदिग्ध गतिविधियों और डमी अभ्यर्थियों पर नजर रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

सुरक्षा के मद्देनजर परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में साइबर कैफे और ई-मित्र केंद्र बंद रहेंगे। मोबाइल, ब्लूटूथ, ईयरफोन, घड़ी जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आयोग की ओर से गठित फ्लाइंग स्क्वॉड और पर्यवेक्षक लगातार केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने परीक्षा को संवेदनशील बताते हुए सख्त और सुनियोजित व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया है। आयोग ने भी पिछले अनुभवों से सीख लेते हुए इस बार पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात कही है।