झूला झूलते वक्त 9 साल के मासूम की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
राजस्थान के डूंगरपुर जिले में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के मांडवा बियोला गांव में झूला झूलते समय हादसे का शिकार हुए 9 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार, मांडवा बियोला निवासी सोहन कलासुआ का 9 वर्षीय पुत्र निकुल घर के पास पेड़ पर रस्सी बांधकर झूला झूल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से झूले की रस्सी उसके गले में फंदे की तरह फंस गई। गला कसने से बालक की हालत गंभीर हो गई।
भाई की चीख सुन दौड़े ग्रामीण:-
हादसे के वक्त बालक का बड़ा भाई अंकित वहीं मौजूद था। उसने जैसे ही अपने छोटे भाई को फंदे में फंसा देखा, वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत बच्चे को नीचे उतारा।आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच:-
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मृतक के पिता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
बिछीवाड़ा थाने के एएसआई शिशुपाल सिंह के अनुसार, परिजनों ने किसी पर संदेह नहीं जताया है। शुरुआती जांच में यह एक हादसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।