बीकानेर : खेत में काम कर रहे किसान पर तेंदुए ने किया हमला, ग्रामीणों में दहशत; कुछ ही देर बाद संदिग्ध हालात में मौत
बीकानेर। बज्जू इलाके के बरसलपुर ग्राम पंचायत के चक 6 बीडीवाई में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत में काम कर रहे पिता-पुत्र पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए, जबकि कुछ देर बाद तेंदुआ पास के खाळे में मृत मिला। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार ओमप्रकाश मेघवाल और उनका बेटा कमल मेघवाल खेत में फसल काट रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से निकलकर तेंदुआ अचानक उन पर झपट पड़ा। अचानक हुए हमले से दोनों घबरा गए, लेकिन हिम्मत दिखाते हुए उन्होंने खुद का बचाव किया।
बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र ने फसल काटने वाले औजार ‘दांती’ से तेंदुए का सामना किया, जिससे वह पीछे हट गया और वहां से भाग निकला। हालांकि इस दौरान दोनों को चोटें आईं।
सूचना मिलते ही रणजीतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत बरसलपुर अस्पताल भिजवाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। एएसआई नैनूसिंह के अनुसार शाम करीब 4 बजे घटना की जानकारी मिली थी।
हमले के बाद तेंदुआ पास के एक पानी के खाळे में जा घुसा। तलाश के दौरान वह वहीं मृत अवस्था में मिला। इसके बाद पुलिस ने वन विभाग को सूचना दी। क्षेत्रीय वन अधिकारी दीपेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर सुरक्षित रखवाया।
वन विभाग के अनुसार तेंदुए का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया जाएगा, जिसके बाद ही उसकी मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल आशंका जताई जा रही है कि हमले के दौरान घायल होने से उसकी मौत हुई होगी।
घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों की निगरानी तेज करने की मांग की है।
लेपर्ड यानि तेंदुआ बीकानेर संभाग में नहीं है। यह कहां से बीकानेर क्षेत्र में आया इसकी जांच की जा रही है। तेंदुआ की मौत किसान पर हमले के दौरान घायल होने के बाद होने का अनुमान है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा कि मौत की असली वजह क्या है। माना जा रहा है कि यह तेंदुआ पाली क्षेत्र के वनों से चलकर इस तरफ आया होगा। हालांकि पाकिस्तान की सीमा ज्यादा दूर नहीं है। ऐसे में सीमा पार से भी आया होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।