दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, पुलिया से गिरा टेंपो, एक महिला की मौत
दर्दनाक हादसा: दौसा थाना क्षेत्र के उगरियावास गांव में शनिवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक दर्दनाक हादसा हो गया।। पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया और पुलिया से नीचे जा गिरा। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई और बहन घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक उगरियावास निवासी अजय कुमार मीणा अपने टेंपो से मिर्जापुरा गांव गेहूं की कटाई के लिए जा रहे थे। उनके साथ उनकी बहनें हेमलता और उषा भी सवार थीं। जैसे ही टेंपो उगरियावास रोड स्थित एक ईंट भट्टे के पास पुलिया से गुजर रहा था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने लापरवाहीपूर्वक टेंपो को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो बेकाबू होकर पलट गया और करीब 10 फीट नीचे जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला। तीनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत लालसोट जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने हेमलता मीणा को मृत घोषित कर दिया। वहीं अजय कुमार मीणा और उषा का इलाज जारी है।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त टेंपो को कब्जे में लिया और थाने भिजवाया। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
इस मामले में अजय कुमार मीणा की रिपोर्ट पर लालसोट थाने में कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस ने वाहन चालकों से तेज गति और लापरवाही से बचने की अपील की है।