Rajasthan: अंतरजातीय शादी पर बवाल, भतीजे ने काका को मारी गोली, गांव में पसरा सन्नाटा
टोंक: पचेवर, पंचायत समिति क्षेत्र की आवड़ा ग्राम पंचायत में शनिवार को एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक भतीजे ने अपने ही काका की नालीदार बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और परिजनों में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक आशीष प्रजापत, मालपुरा तथा पचेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुराने विवाद ने ली जान:-
मृतक रमेश बावरी (40) पुत्र हरजी बावरी की बेटी के अनुसार, आरोपी सुरेश बावरी के अंतरजातीय विवाह को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। रमेश इस विवाह के खिलाफ थे और कई बार सुरेश को समझाने की कोशिश कर चुके थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था।
विवाद के बाद चला दी गोली:-
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सुरेश बावरी ने गुस्से में आकर घर में रखी नालीदार बंदूक उठा ली और रमेश पर फायर कर दिया। गोली लगते ही रमेश बावरी मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। इस अचानक हुई वारदात से घर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़:-
मृतक रमेश बावरी परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी, चार बेटियां और दो बेटे हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना अधिकारी प्रीति रत्नू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और एफएसएल व एमओयू टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से अहम सबूत एकत्र किए हैं।
इसके बाद शव को मालपुरा जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी सुरेश बावरी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।