Rajasthan Weather Update: राजस्थान में आज से सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ, IMD ने जारी किया आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
Weather Update: राजस्थान में इन दिनों मौसम लगातार बदलाव के दौर से गुजर रहा है। तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच अब एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे प्रदेशभर में मौसम का मिजाज फिर बदलने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में आंधी, मेघगर्जन, बारिश और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग जयपुर केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य का मौसम अधिकतर शुष्क रहा, लेकिन तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिला। शुक्रवार को कोटा प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.2°C दर्ज हुआ। वंही फतेहपुर (सीकर) में न्यूनतम तापमान 14.9°C रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा चित्तौड़गढ़ में 36.4 डिग्री, बाड़मेर में 36.7 डिग्री और जयपुर में अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात के समय सीकर, माउंट आबू और अलवर जैसे इलाकों में हल्की ठंड बनी हुई है।
नया पश्चिमी विक्षोभ आज सक्रिय:-
मौसम विभाग के मुताबिक 28 मार्च से नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है, जिसका असर खासतौर पर पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में दिखेगा। जोधपुर, बीकानेर और शेखावाटी क्षेत्र में दोपहर बाद आंधी और बारिश की संभावना है। 29 से 31 मार्च के बीच इसका असर सबसे ज्यादा रहेगा। इस दौरान 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिनमें बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर, झुंझुनूं, सीकर, जैसलमेर और जोधपुर शामिल हैं। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
हर 4-5 दिन में बदल रहा मौसम:-
राजस्थान में इन दिनों मौसम का नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है, जहां हर 4-5 दिन में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा रही है। हाल ही में चूरू और पिलानी में बारिश और ओले भी गिरे हैं। मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, अप्रैल के पहले सप्ताह तक ऐसे ही बदलाव जारी रह सकते हैं, जिससे गर्मी पर फिलहाल लगाम बनी रहेगी।
किसानों के लिए चेतावनी:-
बदलते मौसम का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ सकता है। आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से रबी फसलों की कटाई प्रभावित हो सकती है। किसानों को सलाह दी गई है कि तैयार फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें। खुले में रखे अनाज और कृषि उपकरणों को ढककर सुरक्षित करें।
आमजन के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है—
- तेज आंधी के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न हों।
- वज्रपात के समय सुरक्षित जगह पर रहें।
- दिन में तेज धूप से बचें और पर्याप्त पानी पिएं।