एक्सप्रेसवे पर बेकाबू थार पलटी, उछलकर बाहर गिरे 2 युवक, मौत
एक्सप्रेसवे पर बेकाबू थार पलटी, उछलकर बाहर गिरे 2 युवक, मौत
जोधपुर के पास फलोदी जिले में दोपहर करीब 12 बजे तेज रफ्तार थार गाड़ी टायर फटने से बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। थार में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना मतोड़ा थाना क्षेत्र में पड़ासला इलाके में भारतमाला एक्सप्रेसवे की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुजरात नंबर की थार गाड़ी भारतमाला एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार से दौड़ रही थी। अचानक गाड़ी का एक टायर फट गया। इसके कारण चालक गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा। असंतुलित होने के बाद थार हाईवे के बीच बने डिवाइडर की लोहे की रेलिंग से जा टकराई। डिवाइडर की दोनों तरफ की रेलिंग के बीच जाकर पलट गई।
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के दौरान गाड़ी में सवार दो युवक उछलकर बाहर जा गिरे। दोनों युवक करीब चालीस फीट दूर जाकर गिरे। इसमें से एक थार के सनरूफ से निकलकर बाहर जा गिरा। रेलिंग से टकराने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गाड़ी में सवार तीसरा युवक थार के अंदर ही फंसा रह गया, जिसकी वजह से वह सुरक्षित बच गया। हालांकि, उसे भी कुछ चोटें आई हैं।