राजस्थान: सिलेंडर से गैस की बजाय निकला पानी, मचा हड़कंप, रसद विभाग ने एजेंसी संचालक को थमाया नोटिस
राजस्थान: उदयपुर जिले के गोगुंदा कस्बे में गैस संकट के बीच चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भारत गैस एजेंसी से लिए गए दो गैस सिलेंडरों में गैस की जगह पानी निकलने की शिकायत पर हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए रसद विभाग और कंपनी ने जांच शुरू कर दी है।
भारत गैस की सेल्स टीम मौके पर पहुंची और विभाग द्वारा जब्त किए गए सिलेंडरों को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू की। वहीं, रसद विभाग ने एजेंसी संचालक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
उपखंड अधिकारी शुभम भैंसारे ने कहा कि उपभोक्ताओं को बिना परेशानी गैस उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, इसके लिए संबंधित विभाग को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। प्रवर्तन निरीक्षक अरविंद गर्ग के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी पंप की मदद से सिलेंडर से गैस निकालकर उसमें पानी भरा गया हो। हालांकि, अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।
सिलेंडर के लिए लंबी कतारें
गोगुंदा में होम डिलीवरी बंद होने से उपभोक्ताओं को एजेंसी के बाहर लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पहले भी घर-घर गैस सप्लाई की मांग की थी। लेकिन पिछले एक महीने से होम डिलीवरी नहीं हो रही है, जिससे सिलेंडर के लिए कतारों में लगना पड़ रहा है।
सलूंबर में अवैध गैस भंडारण पर कार्रवाई
उधर सलूंबर जिले में रसद विभाग ने अवैध गैस रिफिलिंग और भंडारण के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक प्रतिष्ठान पर कार्रवाई की। जांच के दौरान घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग सामने आया, जिसके बाद मौके से Bharat Petroleum Corporation Limited (BPCL) के 5 सिलेंडर जब्त किए गए।
प्रकरण में Essential Commodities Act, 1955 के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस का उपयोग केवल घरेलू कामों के लिए ही किया जा सकता है, नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई होगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि गैस से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें।