चाचा-भतीजे की एक ही दिन हार्ट अटैक से मौत, गांव में पसरा मातम
चाचा-भतीजे की एक ही दिन हार्ट अटैक से मौत, गांव में पसरा मातम
हनुमानगढ़। फेफाना क्षेत्र के गांव राजपुरिया में चाचा-भतीजे की एक ही दिन हार्ट अटैक से मौत होने की दर्दनाक घटना सामने आई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई और माहौल गमगीन हो गया। जानकारी के अनुसार, राजपुरिया निवासी राजेंद्र सहारण गुरुवार को नोहर में अपनी बहन के घर भात भरने की रस्म में शामिल होने गए थे। परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन रस्म पूरी होने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि उन्हें तेज सीने में दर्द हुआ और वे बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। इसी दौरान गांव राजपुरिया में एक और दुखद घटना घटी। राजेंद्र सहारण के भतीजे सुरेंद्र सहारण, जो अपने घर पर ही मौजूद थे, की भी अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें भी सीने में दर्द की शिकायत हुई और कुछ ही देर में उनकी हालत गंभीर हो गई। परिवार के लोग उन्हें संभाल पाते, उससे पहले ही उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने उनकी मौत का कारण भी हार्ट अटैक बताया है।