ईरान तनाव पर अमेरिका के फैसले के बाद चीन का बड़ा बयान, कहा- तुरंत दुश्मनी को खत्म करें और…

post 1202

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच समझौते की अटकलें तेज हो गई हैं। इजराइल की ओर से हाल ही में जारी बयान में दावा किया गया है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई बातचीत के लिए तैयार हैं। हालांकि, इस पर ईरान की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

इसी बीच चीन ने भी इस पूरे मामले पर अहम बयान दिया है। चीन ने बढ़ते तनाव को लेकर सभी पक्षों से तुरंत दुश्मनी खत्म कर बातचीत का रास्ता अपनाने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि लंबे समय तक चलने वाला संघर्ष किसी के हित में नहीं होगा।

अमेरिका द्वारा ईरान के पावर प्लांट पर संभावित हमलों को टालने की खबरों के बाद चीन का यह बयान सामने आया है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा कि बीजिंग पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और उसके वैश्विक असर को लेकर गंभीर रूप से चिंतित है।

चीन ने साफ तौर पर कहा कि ईरान में लंबे समय तक चलने वाला संघर्ष किसी के भी हित में नहीं है और इसका समाधान केवल संघर्ष विराम और बातचीत से ही संभव है। साथ ही सभी पक्षों से संयम बरतने और स्थिति को और बिगड़ने से रोकने की अपील की गई है।

चीन का कहना है कि यह तनाव सिर्फ युद्ध क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका असर अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा, व्यापार, वित्त और शिपिंग सेक्टर पर भी पड़ रहा है।

प्रवक्ता ने बल प्रयोग के खिलाफ बीजिंग के रुख को बताते हुए कहा कि सैन्य कार्रवाई अक्सर विपरीत परिणाम देती है। लिन ने कहा- इतिहास और वास्तविकता ने बार-बार दिखाया है कि सैन्य बल समस्याओं का समाधान नहीं है और सशस्त्र टकराव से केवल नई नफरत ही पैदा होती है।

तनाव कम करने के लिए चीन ने सभी पक्षों से तुरंत सैन्य कार्रवाई रोकने और कूटनीतिक समाधान की ओर बढ़ने की अपील की है। साथ ही चीन ने संकेत दिए हैं कि वह इस संकट में मध्यस्थ की भूमिका निभाने के लिए भी तैयार है, ताकि क्षेत्र में जल्द शांति बहाल हो सके।