25 मार्च से बंद हो सकती है फ्री दवा सुविधा, पेंशनर्स पर पड़ेगा बड़ा असर

12

25 मार्च से बंद हो सकती है फ्री दवा सुविधा, पेंशनर्स पर पड़ेगा बड़ा असर

राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी योजना राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम इस समय गंभीर भुगतान संकट से गुजर रही है। यह योजना राज्य के कर्मचारियों और पेंशनर्स को कैशलेस इलाज और दवाओं की सुविधा देने के उद्देश्य से शुरू की गई थी, लेकिन अब इससे जुड़े अस्पतालों और फार्मेसी इकाइयों को समय पर भुगतान नहीं मिल पा रहा है। योजना से जुड़े अस्पतालों और फार्मेसी संगठनों के समूह राजस्थान एलायंस ऑफ हॉस्पिटल एसोसिएशंस (राहा) ने आरोप लगाया है कि पिछले 7 से 9 महीनों से उनका भुगतान लंबित है। इसी के चलते उन्होंने चेतावनी दी है कि 25 मार्च से जयपुर में योजना के तहत चल रही ओपीडी फार्मेसी में कैशलेस दवाओं की सुविधा अस्थायी रूप से बंद की जा सकती है। इस फैसले का सबसे ज्यादा असर उन मरीजों पर पड़ेगा जो नियमित रूप से दवाओं पर निर्भर हैं। खासकर पेंशनर्स जो इस योजना के तहत मुफ्त या कैशलेस दवाओं का लाभ लेते हैं, उन्हें सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दवाओं की सुविधा बंद होने से उन्हें अपनी जेब से खर्च करना पड़ सकता है। राहा ने साफ किया है कि यह कदम किसी विरोध के रूप में नहीं, बल्कि मजबूरी में उठाया जा रहा है। उनका कहना है कि बार-बार मांग करने के बावजूद भुगतान नहीं किया, जिससे अस्पतालों और फार्मेसी इकाइयों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है।

You may have missed