बीकानेर: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 हजार के इनामी तस्कर को किया गिरफ्तार
बीकानेर। लाखों रुपये के मादक पदार्थों से जुड़े मामले में देशनोक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने करीब तीन साल से फरार चल रहे 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी सोहनलाल निवासी पांचू को गिरफ्तार किया। आरोपी पर पहले से ही पुलिस द्वारा इनाम घोषित था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी।
अगस्त 2023 में देशनोक पुलिस ने कांकड़ करण माता मंदिर के पास एक लावारिस ट्रक से 21 क्विंटल से अधिक डोडा बरामद किया था। यह कार्रवाई क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता मानी गई थी। इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि सोहनलाल घटना के बाद से फरार था।
सोहनलाल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को मामले में और महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।