Accident News : बाइक सवार 3 दोस्तों को बस ने कुचला, सड़क पर बिखरे शव, मातम में बदली खुशियां
Accident News : जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर शनिवार देर शाम लबाना बेचवाड़ी पुलिया के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा हरियाणा रोडवेज बस की टक्कर से हुआ। सूचना मिलने पर चंदवाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेकर हाईवे पर यातायात सुचारु करवाया।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो युवक ईद के मौके पर ताला से जयपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने सड़क किनारे खड़े अपने दो दोस्तों के पास बाइक रोक ली। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस ने बाइक और सड़क किनारे खड़े युवकों को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों के शव सड़क पर बिखर गए और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में ताला निवासी अब्दुल मलिक (21) पुत्र अब्दुल बारीक, मुस्तकीम शाह (21) पुत्र लियाकत शाह और साहिल पुत्र रज्जाक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सरताज गंभीर रूप से घायल हो गया।
एक ही बाइक पर सवार थे चार दोस्त:-
एसआई देवेन्द्र ने बताया कि हादसा रात करीब 7:45 बजे हुआ। चारों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर हाईवे पर जा रहे थे। ताला मोड़ के लबाना पुलिया के पास हरियाणा रोडवेज की बस ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक समेत चारों दोस्त सड़क पर गिर गए।
हादसे के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित:-
हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम जैसे हालात बन गए। पुलिस ने तुरंत पहुंचकर यातायात सुचारु करवाया। पुलिस के अनुसार दो मृतकों के शव निम्स अस्पताल और एक मृतक का शव एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। घायल सरफराज (18) को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
ईद की खुशियां मातम में बदली:-
हादसे में मारे गए तीनों युवक ताला गांव के निवासी थे। ईद की खुशियों के बीच यह हादसा पूरे गांव के लिए दुखदाई बन गया। युवकों की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और बस जब्त कर जांच शुरू कर दी है।